सड़क पर सजी दुकानों से थमी रफ्तार, मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंसी
परतावल। परतावल में बृहस्पतिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान मुख्य सड़क पर अतिक्रमण और सड़क किनारे सजी दुकानों के कारण पूरे कस्बे में घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इस वजह से राहगीरों को घंटों परेशान होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, जाम में फंसे राहगीरों, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन काफी देर तक रेंगते रहे। हालात उस समय और गंभीर हो गए जब मरीजों को लेकर जा रही 108 और 102 एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। एंबुलेंस के सायरन बजते रहे लेकिन सड़क पर दोनों ओर अतिक्रमण और वाहनों की लंबी कतार के कारण उन्हें आगे निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इससे मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई। स्थानीय पंकज, धीरज, राहुल, राधे, सुधांशु ने कहना है कि प्रत्येक बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान यही स्थिति बनती है। सड़क के दोनों किनारों पर दुकानों के लगने और अव्यवस्थित वाहन पार्किंग के कारण मुख्य मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे थोड़ी ही देर में लंबा जाम लग जाता है। लोगों ने प्रशासन से बाजार की समुचित व्यवस्था कराने, अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।