परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिषखोप और मनिकौरा गांव के पूरब सिवान में बघेला नाला के पास आम के बगीचे में समय माता मंदिर से शनिवार को घंटी चोरी करते एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। बताया गया है कि आरोपी घंटी चुराने से पहले मंदिर में कपूर भी जलाता था। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, समय माता मंदिर पर क्षेत्र के श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। जिन श्रद्धालुओं की मन्नत पूरी होती है, वे मंदिर में घंटी चढ़ाते हैं। विगत कई महीनों से समय माता मंदिर से लगातार घंटी चोरी हो रही थी। इसको लेकर गांव के लोग मंदिर पर आने-जाने वाले लोगों की निगरानी करने लगे।
इसी बीच शनिवार को एक व्यक्ति बाइक से आम के बगीचे में आया। छिपकर निगरानी कर रहे गांव के कुछ लड़कों ने देखा कि उस व्यक्ति ने मंदिर में कपूर जलाकर घंटी चुरा लिया। इसी बीच मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर उसने घंटी को गेहूं के खेत में फेंक दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस चोर को पकड़ कर थाने ले गई। संवाद