एक बाइक पर तीन-तीन युवकों के सवार होने और काफिले के रूप में सड़क घेरकर चलने का वीडियो वायरल
बाइक रैली में यातायात नियमों की उड़ीं धज्जियां
परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर एक समुदाय विशेष के लोगों में नाराज हैं। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग बाइक से भिटौली थाना पहुंचे। इस दौरान कई युवकों ने यातायात नियमों की अनदेखी की।
मामले में एक बाइक पर तीन-तीन सवार, बिना हेलमेट लगाए धार्मिक नारेबाजी और सड़क घेरकर काफिले के रूप में चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर निवासी एक युवक पर सोशल मीडिया पर एक समुदाय के पवित्र ग्रंथ के संबंध में कथित आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने का आरोप है। इसे लेकर समुदाय के लोगों ने थाना भिटौली में शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पोस्ट से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
वहीं, वायरल वीडियो में कई बाइक सवार बिना हेलमेट, एक बाइक पर तीन-तीन लोगों के साथ सड़क पर काफिले के रूप में चलते दिखाई दे रहे हैं। कुछ चालकों के नाबालिग होने की भी चर्चा है। वीडियो सामने आने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय ने बताया कि जांच में पता चला है कि जिस युवक के नाम से पोस्ट वायरल हुई, वह वर्तमान में दुबई में है। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि उसकी फेसबुक आईडी हैक हो गई थी। यूजर आईडी और अन्य तकनीकी जानकारी के लिए साइबर सेल को रिपोर्ट भेजी गई है।
उधर, पुलिस अधीक्षक ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक भिटौली को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट और वायरल वीडियो, दोनों मामलों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।