महराजगंज। मौसम का मिजाज बदलने से जिला अस्पताल में अब ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है, जो बुखार के साथ थकान और संक्रमण से परेशान हैं। बच्चे से लेकर वृद्ध इसकी चपेट में आ रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले जहां औसतन 600 मरीज जिला अस्पताल आते थे, लेकिन अब मौसम बदलने से यह आंकड़ा 800 के पार हो गया है। बच्चे भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। दिन में तेज धूप होने का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। ऐसे वायरल से जनपद में मरीजों की तादात बढ़ रही है। सर्दी और खांसी के साथ जुकाम और मौसमी बीमारी से लोग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। जिला अस्पताल में अब ऐसे मरीज ज्यादा आ रहे हैं। मंगलवार को अस्पताल में काउंटर पर पर्ची कटाने के लिए लोगों की लंबी कतार लगी रही है।
आने वाले अधिकतर मरीजों को चिकित्सक पहले रक्त की जांच कराने के बाद ही रिपोर्ट के आधार पर दवा दे रहे थे। डॉक्टरों का कहना है कि हल्की सी भी लापरवाही नुकसान कर रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में ईएनटी, जनरल सर्जन, फिजीशियन, बाल रोग विभाग के कक्ष में मरीज ज्यादा दिखे। आंकड़ाें के अनुसार अभी अस्पताल में आने वाले मरीज की संख्या में करीब 50 फीसदी मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार, थकान से ही प्रभावित रहे।
सीएमएम डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि अस्पताल में दवाएं पर्याप्त हैं। सभी चिकित्सक समय से ओपीडी में उपस्थित रहते हुए मरीजों की जांच कर रहे हैं।