किसी भी कोटेदार से राशन लेने को मिली छूट
शहर क्षेत्र में 125 लोगों ने लिया लाभ, अक्तूबर से गांवों में भी उपलब्ध होगी यह सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के शहरी क्षेत्र में किसी भी कोटेदार से कार्डधारक राशन ले सकते हैं। यह सुविधा अभी शहर क्षेत्र में उपलब्ध होगी। ग्रामीण क्षेत्र में यह सुविधा अक्तूबर माह उपलब्ध होगी। शहर क्षेत्र में अब तक करीब 125 लोगों ने पोर्टबिलिटी सुविधा का लाभ लिया है। इस व्यवस्था से कोटेदारों की मनमानी नहीं चल पाएगी। क्योंकि कार्डधारक अब मनचाहे कोटेदार से राशन ले सकेंगे। वहीं कोटेदारों पर भी विभाग की नजर बनी रहेगी। बेहतर ग्राहक सुविधा नहीं देने वाले कोटेदार कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
जिले में शहर क्षेत्र में 53 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 995 सहित कुल 1,048 कोटेदार हैं। पांच लाख चार हजार पांच सौ नौ कार्डधारक हैं। इनमें 66,619 अंत्योदय एवं 4,37,890 पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक हैं। कोटेदार बदलने की सुविधा शुरू होने से कार्डधारकों की मुश्किलें कम होने की संभावना है। कोटेदार बदलने की पहले व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते कार्डधारकों से कोटेदार बेरुखी से व्यवहार करते थे। नई व्यवस्था शुरू होने से उनकी मनमानी पर अंकुश लगने की संभावना जताई जा रही है
उधर, शहर क्षेत्र में 125 लोग अब तक इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। ऐसे में जिस कोटेदार के पास बेहतर ग्राहक सुविधा मिलेगी, वहां ज्यादा कार्डधारक राशन लेने पहुंचेंगे। विभाग की इस पर नजर बनी रहेगी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए शासन की ओर से मनचाहे कोटेदार के यहां से राशन लेने की सुविधा दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी गौरी शंकर शुक्ल ने बताया कि कार्डधारकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा दी जा रही है। शहर क्षेत्र में लोग इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में अक्तूबर माह से यह सुविधा मिलने लगेगी। इसके लिए जरूरी कार्य किए जा रहे हैं।