सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के एक निवासी ने पुलिस महानिरीक्षक गोरखपुर को पत्र देकर अपने पट्टीदार पर घर का ताला तोड़कर जेवर सहित घर में रखा सामान उठा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कटहरी कला निवासी आलमनारा निशा ने महानिरीक्षक गोरखपुर को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि पट्टीदारों से पुरानी रंजिश में आए दिन विवाद होने से परेशान होकर घर में ताला बंदकर पूरे परिवार सहित जयपुर चले गए। आरोप है कि 18 जनवरी को पट्टीदार के लोग घर का ताला व बक्सा तोड़कर जेवर सहित सारा सामान उठा ले गए। 19 जनवरी को फोन से पता चला कि घर में लूट हो गई है। इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। पुलिस आई और चली गई। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक महराजगंज को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी निजामुद्दीन, फिरोज व मुख्तार के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।