महराजगंज। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंचे। जांच में सुविधाओं की कमी के चलते मरीजों को परेशानी हुई।
सिसवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 11 बजे डॉ. ईश्वर चंद मरीजों का इलाज करते मिले। वहां मौजूद दीनानाथ ने बताया कि तेज बुखार के कारण उन्होंने निजी पैथालॉजी में जांच कराई। इससे पता चला कि उन्हें टाइफाइड है। इलाज के लिए जब वह आरोग्य मेले में पहुंचे तो डॉक्टर ने कुछ सामान्य दवाएं दीं।
पीएचसी कोहड़वल में दोपहर 12 बजे डॉ. एसएन प्रसाद मरीजों का इलाज करते मिले। दक्खी ने बताया कि एक सप्ताह से भोजन अच्छा नहीं लग रहा था। जब खून की जांच कराई तो मलेरिया निकला। लक्ष्मीपुर एकडंगा पीएचसी में 1:12 बजे डॉ. वैभव मरीजों का इलाज करते मिले।