नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरानगर में मरीज का इलाज करती डॉ नमिता गुप्ता।
महराजगंज। जिले में रविवार को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में दाद-खुजली, सर्दी-जुकाम, बुखार, मलेरिया, डायरिया, उल्टी-दस्त, डायबिटीज से पीड़ित मरीज पहुंचे। कई केंद्रों पर समुचित इलाज नहीं होने से मरीजों को निराशा हाथ लगी।
11:22 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हुई में डॉ. एसरार अहमद मरीजों का इलाज करते दिखे। इलाज के लिए पहुंची बबिता ने बताया कि उनके पांच वर्षीय बेटे को सर्दी-जुकाम और बुखार है। उन्होंने बताया की डॉक्टर ने बिना जांच किए ही सामान्य दवाएं पकड़ा दीं।
इसी केंद्र पर मरीज गौरव कुमार ने बताया कि वह खेत में काम कर रहे थे, बारिश में भीगने के कारण उन्हें दाद और खुजली की समस्या हो गई। इलाज के लिए आए तो केवल क्रीम देकर भेज दिया गया।
दोपहर 12:15 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में डॉ. वैभव प्रबल इलाज करते दिखे। वहां मौजूद मरीज अशोक ने कहा कि उन्हें मलेरिया बुखार है। डॉक्टर ने कुछ दवाएं दीं, लेकिन जांच के लिए पनियरा भेज दिया गया।
मीनाक्षी देवी ने बताया कि उन्हें दो दिनों से उल्टी, दस्त और बुखार की समस्या है। निजी अस्पताल में इलाज कराकर थक चुकी हैं, लेकिन आरोग्य मेले में भी कोई विशेष राहत नहीं मिली। डॉक्टर ने सिर्फ कुछ सामान्य दवाएं देकर भेज दिया।
इसी तरह दोपहर 1:30 बजे नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरानगर में डॉ. नमिता गुप्ता मरीजों को देख रही थीं। वहां पहुंचे भोला ने बताया कि वे डायबिटीज के मरीज हैं। डॉक्टर ने कुछ दवाएं दीं। मंजू ने शिकायत की कि बारिश में भीगने से आंखों में लालिमा और जलन हो रही है। इलाज के लिए आई थी, लेकिन आंखों में डालने वाला ड्रॉप नहीं मिला।