गर्मी का मौसम शुरू होते ही नेपाल में बढ़ने लगे पर्यटक, प्रतिदिन करीब 300 भारतीय निजी वाहन से जाते हैं नेपाल
सोनौली। गर्मी का मौसम शुरू होते ही भारत से नेपाल जाने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो गया है। पर्यटकों की संख्या को देखते हुए दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। दलाल पर्यटकों को अपने झांसे में लेकर दोगुनी रकम वसूल रहे हैं। जानकारी न होने के कारण पर्यटक भी उनकी चंगुल में आसानी से फंस जा रहे हैं।
सीमावर्ती क्षेत्र के अंतर्गत दोनों देशों के नागरिक कई वर्षों से अपने सगे संबंधियों के यहां जाते रहे हैं। इसके साथ ही प्रतिदिन करीब 300 भारतीय पर्यटक निजी वाहन से सोनौली सीमा से नेपाल जाते हैं। भंसार शुल्क के बाद उन्हें परमिट भी बनवाना पड़ता है। पर्यटकों की सुविधा के लिए नेपाल प्रशासन ने भंसार कार्यालय में ही परमिट की सुविधा भी कर दी है। जहां पर एक बार शुल्क जमा करने के बाद पेपर बनवाने की सारी प्रकिया समाप्त हो जाती है।
बताया गया है कि जैसे ही भारतीय पर्यटक अपनी गाड़ी लेकर सोनौली से बेलहिया भंसार कार्यालय के पास पहुंचते हैं, दर्जन भर से अधिक दलाल उन्हें घेर लेते हैं। कोई जल्दी कागज़ बनवाने की बात करता है तो दस्तावेज़ों में कमी बताकर अतिरिक्त शुल्क वसूलता है। पर्यटकों का कहना है कि वाहन की ओरिजिनल आरसी नहीं होती, उनसे साइबर कैफे की मिलीभगत से तत्काल ‘ओरिजिनल आरसी’ तैयार करने के नाम पर मोटी रकम ली जाती है।
नेपाल जाने के लिए सोनौली पहुंचे पर्यटक राजन सिंह निवासी लखनऊ और दयाशंकर चौधरी निवासी कानपुर ने बताया कि नेपाली भाषा समझ में नहीं आती है। इस वजह से भंसार कार्यालय के बाहर एजेंट से पेपर बनवाते हैं। वह मुद्रा भी बदल देते हैं।
पर्यटक एसोसिएशन भैरहवा के अध्यक्ष श्रीचन्द्र गुप्ता ने बताया कि गाड़ी के ओरिजनल डाक्यूमेंट और भंसार परमिट साथ रखने पर कोई परेशानी नहीं होती है। पुलिस भारतीय वाहन को पेपर होने पर नहीं रोकती है। जबकि पर्यटक बिचौलिए के चक्कर में फंसकर दोगुनी रकम खर्च कर देते हैं। रास्ते में उन्हें परेशानी भी होती है।
18 युवकों को चेतावनी के बाद छोड़ा : सोनौली। भारतीय पर्यटकों से सुविधा और ‘भसार’ कराने के नाम पर अवैध वसूली खुलेआम की जा रही है। इसकी शिकायत कुछ पर्यटकों ने कुछ दिन पूर्व पुलिस से किया था। इसको लेकर नेपाल बेलहिया पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के तहत रविवार की सुबह 18 युवकों को गिरफ्तार किया था जिसमें 14 भारतीय युवक थे जो पर्यटकों से भंसार कराने के नाम पर वसूली करते थे। नेपाल पुलिस ने दिन भर पूछताछ के बाद कड़ी चेतावनी देते हुए शभी को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
डीएसपी कृष्ना कुमार चंद ने बताया कि काफी समय से पर्यटकों से दुर्व्यवहार और ठगी की शिकायत मिल रही थी। रविवार को एक ऑपरेशन के तहत बेलहिया स्थित भैरहवा भंसार कार्यालय के बाहर बिना एजेंट परिचय पत्र के घूम रहे और पर्यटक बसों के आसपास पैसे के लेनदेन करने वाले 14 सीमा से सटे सोनौली और नौतनवा थाना क्षेत्र के भारतीय और चार नेपाली युवकों को गिरफ्तार किया गया था।
भंसार के नाम पर वसूलते हैं 200 रुपये
एक गाड़ी का सुविधा व भंसार कराने के नाम पर 200 रुपये और भंसार का पेपर बनवाने के नाम पर 1,000 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। भारत के अन्य राज्यों स्थानों से आने वाले पर्यटक परेशान होकर लौटते हैं। पर्यटकों का कहना है भाषा समझ में नहीं आने के कारण परेशानी होती है। नेपाल में जाने के लिए यह लोग गाइड भी दे देते है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाई गई है हेल्पडेस्क
भारत से नेपाल जाने के लिए सोनौली सीमा पर और सुविधा मिल रही है। वाहनों का परमिट भंसार कार्यालय के साथ कर दिया है। जिसमें भारतीय पर्यटक वाहनों के भंसार परमिट और जांच प्रकिया पूरी कर उन्हें एक टोकन दिया जाता है। जिसमें पर्यटकों को भैरहवा का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। एक दिन के भंसार शुल्क 600 और परमिट के लिए 500 नेपाली मुद्रा जमा करना होता है।
निजी वाहन के लिए आरसी और लाइसेंस जरूरी
होटल एसोसिएशन भैरहवा सीपी श्रेष्ठ ने बताया कि नेपाल में पर्यटन के दौरान निजी वाहन स्वामियों के लिए ओरिजनल आरसी और लाइसेंस रखना अनिवार्य है। दो पहिया अथवा चार पहिया वाहन से नेपाल में जा रहे हैं तो आपके पास ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी का कागज सहित वाहन से संबंधित सभी कागजातों का होना जरुरी है। इसके बाद सबसे पहले आपको सोनौली सीमा के नजदीक स्थित नेपाल के भंसार कार्यालय में जाकर अपने वाहन को नेपाल ले जाने के लिए अनुमति लेना होगा। जिसके तहत यदि आप भैरहवा तक जाना चाहते हैं तो आपको वाहन की सुविधा करानी होगी। यदि आप भैरहवा के आगे नेपाल के किसी भी शहर में जाना चाहते हैं तो इसके लिए वाहन का भंसार (भारतीय वाहन को नेपाल में ले जाने का शुल्क) कराना होता है। फिर परमिट लेना होता है। भंसार और परमिट लेते समय इस बात का खास ध्यान रखें कि आप जितने दिनों के लिए नेपाल में जाना चाहते हैं उतने दिनों तक का भंसार अवश्य करा लें और समय पूर्ण होने तक आप वापस भारतीय सीमा में आ जाए। जिससे कोई परेशानी नही होगी।