जिला अस्पताल में चर्मरोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
महराजगंज। बीते कई दिनों में पड़ रही कड़ाके की ठंड से सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की बाढ़ आ गई है। मंगलवार को गुनगुनी धूप खिली तो अस्पताल मरीजों से पट गया। पर्ची काउंटर हो या फिर डॉक्टरों की ओपीडी, हर जगह मरीजों की भीड़ लगी रही। डॉक्टरों ने इलाज तो किया ही, ठंड से बचने की सला देना नहीं भूले।
मंगलवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ गई। ओपीडी में 600 से अधिक मरीज देखे गए। इनमें सर्वाधिक सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित रहे। डॉक्टरों के कक्ष में भीड़ से तमाम मरीजों को कतार में खडे़ होकर इलाज कराना पड़ा। महिला चिकित्सक कक्ष में भी ठसाठस भीड़ रही तो पैथालाजी कक्ष में खून जांच के लिए लोगों को लाइन लगानी पड़ी।
डा एके राय, डा निरूपमा उपाध्याय, डा रंजन मिश्रा के कक्ष में भीड़ ज्यादा थी। कतार में खडे़ होकर मरीजों ने अपना इलाज कराया। मोहनापुर से आये नरेश ने बताया कि बीते दो दिन से बुखार आ रहा था। गांव पर ही मेडिकल स्टोर से दवा ली थी, लेकिन ठीक नहीं हुआ। धूप निकली तो अस्पताल आ गया।
अस्पताल के गेट पर बाहर धूप में बैठीं सुमित्रा, शशिकला, मंजू और संगीता ने बताया कि बीते कई दिन ठंड से परेशानी बढ़ गई थी। बच्चों को सर्दी-बुखार के साथ खांसी भी आ रही है। धूप होने के बाद भी गलन है। डॉक्टर के कमरे में भीड़ होने से वह बाहर इंतजार कर रही थी। अस्पताल में एक्सरे कक्ष, पैथालाजी कक्ष में मरीजों की भीड़ लगी रही।
सीएमएस डा आरबी राम ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा होने के बाद भी मरीजों की सुविधा का ख्याल रखा गया। ठंड में सर्दी, खांसी और बुखार के ज्यादा मरीज आये। सर्दी में बचाव की जरूरत है। गर्म कपडे़ पहनने के साथ ही ठंडी चीजों को खाने से परहेज करें।