महराजगंज। नववर्ष के पहले जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस पर सदर तहसील सभागार में जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि जन शिकायतों के निपटारे में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। सदर तहसील में आए 75 मामलों में छह का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
एसपी आरपी सिंह, एसडीएम ज्ञानेश्वर, तहसीलदार केशव प्रसाद, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत कुमार त्रिपाठी, सीओ मुकेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। इसी प्रकार फरेंदा में अध्यक्षता एडीएम आरपी कश्यप ने की। कुल 69 मामलों में 4 का मौके पर निपटारा हुआ। एसडीएम आरबी सिंह, सत्येंद्र आदि मौजूद रहे। निचलौल में 53 मामलों में 5 का समाधान हुआ। एसडीएम देवेश गुप्ता ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार, एसडीएम प्रेम प्रकाश अंजोर की अध्यक्षता में हुए आयोजन में कुल 77 मामले दर्ज हुए। राजस्व विभाग के पांच मामले निपटाए गए। बाकी मामलों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया। इनमें 34 राजस्व, 14 पुलिस, 12 विकास, 1 शिक्षा एवं 16 मामले अन्य विभागों से संबंधित थे। इस मौके पर सीओ सुरेश कुमार रवि, तहसीलदार राजेश कुमार, पीडब्लूडी एई एके तिवारी, एसडीओ बिजली राजनरायन, पूर्ति निरीक्षक अभय नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।
सीएम पोर्टल 1076 को लेकर सतर्क रहें अफसर
डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री का 1076 पोर्टल इसी महीने शुुरू होगा। इस पोर्टल को लेकर अधिकारी सतर्क रहें। तहसीलदार सदर को निर्देशित किया कि राजस्व विभाग के छोटे से छोटे मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराएं।
लापरवाही में लेखपाल निलंबित
मामलों के निस्तारण में लापरवाही पर उपजिलाधिकारी सदर ज्ञानेश्वर ने प्रशांत नामक लेखपाल को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि लेखपाल मामले के निपटारे में न केवल लापरवाही बरत रहा था, बल्कि बिना सूचना के 15 दिनों से तहसील नहीं आ रहा था। लापरवाही व मनमानी के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।