ठेकेदार के निर्माणाधीन सड़क पर पानी न डालने से बनी हुई है समस्या
गेहूं की जली पराली की राख के साथ सड़क से उड़ रही धूल का गुबार लोगों को बना रहा है बीमार
सिंदुरिया। निर्माणाधीन महराजगंज-ठूठीबारी हाईवे पर राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। हाईवे पर उड़ रही धूल के कारण लोग परेशान हो गए हैं। हालत यह है कि गेहूं की जली पराली की राख के साथ सड़क से उड़ रही धूल का गुबार लोगों को बीमार बना रहा है। इसके चलते राहगीरों को मास्क लगाकर चलना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, अत्यधिक धूल की वजह से लोग खांसी और एलर्जी के मरीज हो जा रहे हैं। महराजगंज शहर से ठूठीबारी स्थित नेपाल बाॅर्डर तक हाईवे निर्माणाधीन है। बीच-बीच में सड़क बन नहीं पाई है। वाहनों की आवाजाही के बीच धूल के गुबार उठ रहे हैं। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक भी है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
रविवार को शहर से आगे बढ़ने पर सड़क निर्माण कार्य जारी था। रामपुरमीर गांव के पास पहुंचने पर घने धूल के गुबार के कारण सांस ले पाना मुश्किल हो गया। इसी बीच तेजी से एक ट्रक आगे बढ़ा तो उसके पहिए से उड़ती धूल से बाइक से गुजर रहे लोग कुछ देर के लिए परेशान हो गए। राहगीर अशोक ने बताया कि मैं प्राइवेट काम करता हूं। रोज का आना-जाना है। कुछ देर के सफर में हेलमेट के शीशे पर धूल की परत जम जाती है। रास्ते में रुककर हेलमेट साफ करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस रूट से नियमित यात्रा करनी पड़ती है। यह समस्या ठेकेदार के सड़क पर पानी नहीं गिराने से पैदा हो रही है।
पास से गुजरे रहे दीनानाथ ने बताया कि कार में बैठकर जाने वालों को कोई दिक्कत नहीं है लेकिन साइकिल और बाइक सवारों को काफी परेशानी होती है। कभी-कभी तो धूल की वजह से सामने कुछ दिखता ही नहीं है। सिंदुरिया निवासी रामचंदर ने बताया कि गाड़ी आने-जाने के दौरान दम घुटने लगता है। लेदवा निवासी सोनू ने बताया कि कार्यदायी संस्था को लोगों के हित का जरा भी ध्यान नहीं है। इस रूट से नियमित यात्रा करने वाले या तो सांस की समस्या से पीड़ित हो रहे हैं या उन्हें आंखों में परेशानी हो रही है। सड़क बन जाने के बाद ही यह समस्या दूर होगी।
वहीं पतरेगवा निवासी पप्पू यादव ने बताया कि ज्यादातर जगहों पर सड़क तो बन गई है। जहां नहीं बनी है, वहां पानी न डालने से धूल उड़ रही है। जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देकर आमजन को परेशानी से निजात दिलाना चाहिए।
वर्जन
मामला संज्ञान में नहीं है। कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर पानी डलवाया जाएगा, जिससे राहगीरों को परेशानी न हो।
-शाम्भवी त्रिपाठी, सहायक अभियंता एनएचआई