नौतनवा। छपरा से चलकर नौतनवा आने वाली 15105 अप, नौतनवा से चलकर छपरा तक जाने वाली 15106 डाउन इंटर सिटी एक्सप्रेस 28 से 31 जनवरी तक निरस्त है। इसके कारण गोरखपुर या अधिक दूरी तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए काफी समस्या हो रही है।
सुबह 9:40 बजे के बाद से कोई ट्रेन न होने से यात्रियों को शाम तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। जिन यात्रियों को जल्दी रहती है उन्हें अधिक किराया देकर रोडवेज बस से यात्रा करना पड़ रहा है। नौतनवा रेलवे स्टेशन से गोरखपुर या अधिक दूरी तक यात्रा करने के लिए सुबह 6:05 बजे पैसेंजर ट्रेन गोरखपुर के लिए प्रस्थान करती है। उसके बाद सुबह 8:45 बजे पैसेंजर ट्रेन गोरखपुर से नौतनवा पहुंचती है और 9:40 बजे गोरखपुर के लिए प्रस्थान करती है।
बृहस्पतिवार को 9:40 बजे के बाद कोई ट्रेन नहीं थी पूरे दिन कोई ट्रेन न होने से यात्री काफी परेशान रहे। शाम वाली ट्रेन का इंतजार करते दिखे। दुर्ग एक्सप्रेस नौतनवा से सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलती है जो 10:05 बजे रात में नौतनवा स्टेशन पर आती है और दूसरे दिन सुबह 11:35 बजे नौतनवा से प्रस्थान करती है।
इंटरसिटी एक्सप्रेस 28 जनवरी से निरस्त चल रही है जो 31 जनवरी तक निरस्त है। यह ट्रेन 12:25 बजे नौतनवा रेलवे स्टेशन पर आती है और अपराह्न 3:00 बजे प्रस्थान करती है। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिल जाती थी लोग कम किराए में अपने गंतव्य तक पहुंच जाते थे। इंटरसिटी ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों को बस से अधिक किराया देकर जाना पड़ रहा है।
यात्री अफजल, संत जयसवाल, रविन्द्र, रामअवध, सुग्रीव, जितेंद्र, दीपशिखा, नंदिनी, रूपा, किस्लवती आदि लोगों ने बताया कि आंख का इलाज कराने के लिए नेपाल गए थे ट्रेन न होने से शाम वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम ने बताया कि कोहरा के कारण नौतनवा छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस 31 जनवरी तक निरस्त है, जिससे यात्रियों को समस्या हो रही है।