नौतनवा। छपरा से चलकर नौतनवा आने वाली 15105 अप व नौतनवा से चलकर छपरा तक जाने वाली 15106 डाउन इंटर सिटी एक्सप्रेस 12 अप्रैल से 3 मई तक निरस्त है। इससे गोरखपुर उसके आगे तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए काफी परेशानी खड़ी हो गई है। सुबह 9:40 बजे के बाद दिन में कोई ट्रेन न होने से यात्रियों को शाम तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। मजबूरी में यात्री अधिक किराया देकर रोडवेज बस से यात्रा कर हैं।
नौतनवा रेलवे स्टेशन से गोरखपुर या अधिक दूरी तक यात्रा करने के लिए सुबह 6:05 बजे पैसेंजर ट्रेन गोरखपुर के लिए चलती है। उसके बाद सुबह 8:45 बजे पैसेंजर ट्रेन गोरखपुर से नौतनवा पहुंचती है और 9:40 बजे गोरखपुर के लिए प्रस्थान करती है। बृहस्पतिवार को 9:40 बजे के बाद कोई ट्रेन न होने से दोपहर में स्टेशन पर सन्नाटा पसरा था। ट्रेन न होने से यात्रियों को अधिक किराया देकर गंतव्य को जाना पड़ा।
इस रूट पर दुर्ग एक्सप्रेस नौतनवा से सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, शनिवार तथा रविवार को चलती है, जो 10:05 बजे रात में नौतनवा स्टेशन पर आती है और दूसरे दिन सुबह 11:35 बजे नौतनवा से प्रस्थान करती है। इंटरसिटी एक्सप्रेस सप्ताह में रविवार को निरस्त रहती है। इंटरसिटी एक्सप्रेस 12 अप्रैल से 3 मई तक निरस्त चल रही है। यह ट्रेन 12:25 बजे नौतनवा रेलवे स्टेशन पर आती है और अपराह्न तीन बजे प्रस्थान करती है। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिल जाती थी।
इंटरसिटी ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों को बस से अधिक किराया देकर जाना पड़ रहा है। यात्री रामाज्ञा यादव, जितेंद्र जयसवाल, शिव प्रसाद, रविंद्र, रामअवध, सुग्रीव, जितेन्द्र, दीपशिखा, नंदिनी, रूपा, किस्लावती ने बताया कि आंख का इलाज कराने के लिए नेपाल गए थे। ट्रेन न होने से बस से यात्रा करनी पड़ेगी।
स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम अंसारी ने बताया कि गोरखपुर जंक्शन से गोरखपुर कैंट के बीच तीसरी लाइन का निर्माण कार्य होने के कारण नौतनवा छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस 3 मई तक निरस्त है, इसी से यात्रियों को समस्या हो रही है।