सोनौली। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के भैरहवा भंसार कार्यालय में दिवाली और भाइटिका पर्व के मद्देनजर 11 नवंबर को सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान भारत से नेपाल जाने वाले सामान्य मालवाहक ट्रकों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, पर्यटक वाहनों और यात्रियों की सुविधा के लिए भंसार की मुख्य यात्री शाखा खुली रहेगी।
नेपाल में दिवाली और भाइटिका पर्व पर सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। पूरे नेपाल में भंसार कार्यालयों और भंसार से संबंधित बैंकों को छोड़कर अन्य सरकारी कार्यालयों में चार दिन का अवकाश रहेगा। वहीं भैरहवा भंसार कार्यालय में व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए केवल भाइटिका के दिन एक दिन का अवकाश देने का निर्णय लिया गया है।
भाइटिका के दिन सामान्य मालवाहक वाहनों की निकासी और प्रवेश बंद रहेगा। हालांकि फल-सब्जी सहित अति आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। पर्यटक वाहनों के लिए मुख्य यात्री शाखा खुली रहने से भारत-नेपाल के बीच आवागमन जारी रहेगा।
भैरहवा भंसार कार्यालय के सूचना अधिकारी उद्धव ढुंगाना ने बताया कि व्यापार को सुगम बनाने और आपूर्ति व्यवस्था की निरंतरता बनाए रखने के लिए निर्णय के अनुसार बुधवार को एक दिन का अवकाश रहेगा। इस दौरान सामान्य मालवाहक वाहनों का परिचालन नहीं होगा, जबकि फल-सब्जी और अति आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि भाइटिका के दिन पर्यटकों और यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री शाखा खुली रहेगी।