पंकज की बेटी की बजी शहनाई, 14 को बेटे की बारी
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री बने पंकज के घर खुशियों की बारिश
घर में मां ने उतारी, माथे पर लगाया तिलक
महराजगंज। सांसद पंकज चौधरी का ओरा अब बढ़ चुका है। क्योंकि उन्हें केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री का ओहदा मिला है। इससे जिले में हर तरफ खुशी का माहौल है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री बनने के बाद पंकज के घर खुशियों की बारिश हो रही है। बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शापथ ली तो बृहस्पतिवार को उनके घर बेटी की शादी की शहनाई बजी। रिश्तेदार, शुभचिंतक और दोस्तों ने इस पल को यादगार बनाया।
दिल्ली आवास पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री की मां उज्ज्वल चौधरी ने उनके माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारी। इसके बाद पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया। उज्ज्वल चौधरी महराजगंज की जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जनता की सेवा का परिणाम है कि बेटे मंत्री बन गया। जनभावनाओं के अनुसार सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को दिलाते हुए क्षेत्र का चहुंमुखी विकास तेजी से करेंगे। पंकज की छोटी बेटी श्रुति की शादी दिल्ली में बृहस्पतिवार को हुई तो तमाम गणमान्य अतिथि आशीर्वाद देने पहुंचे। उनके बेटे रोहन चौधरी की शादी 14 जुलाई को जम्मू कश्मीर में होगी। सिसवा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के दिल्ली स्थित आवास में स्वागत की तस्वीरों को सांझा किया। उन्होंने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रिश्तेदार खुश हैं।
बचपन के दोस्त भी पहुंचे दिल्ली
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के बचपन के दोस्त राजेश गुप्ता, संजीत प्रधान इन दिनों दिल्ली में हैं। इन लोगों ने फोन पर बताया कि दोस्त का ओरा बढ़ने से काफी खुशी हुई। पंकज शुरुआत से ही सरल एवं सौम्य स्वभाव के हैं। विपरीत हालात में भी धैर्य से काम लेने में महारथ हासिल है। ज्ञानप्रकाश जायसवाल, सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि इस खुशी को बयां करने के लिए शब्द भी कम पड़ रहे हैं।
खुशी से गदगद हैं रिश्तेदार
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के भतीजे राहुल चौधरी के ससुर विजय एवं छोटी बेटी श्रुति के ससुर उमेश भी दिल्ली पहुंचकर खुशी के इस पल को यादगार बनाया।