चार सीटों पर ब्लॉक प्रमुख का निर्विरोध निर्वाचन तय
पनियरा, फरेंदा, परतावल व सिसवा में आज होगी निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा
महराजगंज। नामांकन प्रकिया पूरी होने के बाद जिले की चार सीटों पर ब्लॉक प्रमुख का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। जबकि आठ सीटों पर शुक्रवार को नाम वापसी के बाद तय होगा कहां-कहां मतदान होंगे। पनियरा, फरेंदा, परतावल और सिसवा के ब्लॉक प्रमुख पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कल होगी।
पनियरा ब्लॉक में भाजपा समर्थित प्रत्याशी वेद प्रकाश शुक्ला नक भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह कि साथन ामांकन पत्र दाखिल किया। यहां से किसी अन्य ने पर्चा दाखिल नहीं किया है। फरेंदा में सपा प्रत्याशी मनीषा ने एक सेट में पूर्व प्रमुख राम प्रकाश सिंह व अन्य समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। यहां पर भाजपा ने उम्मीदवार नहीं उतारा है। सिसवा में भाजपा समर्थित प्रत्याशी कोदई निषाद ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया है। यहां भी किसी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। परतावल ब्लॉक में भाजपा समर्थित प्रत्याशी आनंद शंकर वर्मा का निर्विरोध निर्वाचन तय है। यहां पर उनके विपक्षी नवीन त्रिपाठी को कोई प्रस्तावक नहीं मिला। इस वजह से वह नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके। पनियरा के सहायक निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार सिंह, फरेंदा के सहायक निर्वाचन अधिकारी अभय गुप्ता, सिसवा के सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार तथा परतावल के सहायक निर्वाचन अधिकारी नरेश चंद्र ने बताया कि प्रत्याशियों के पर्चे वैध हैं। उम्मीदवारी वापस लेने की समयसीमा बीतने के बाद निर्विरोध निर्वाचन संबंधी घोषणा कर दी जाएगी।
प्रत्याशी समर्थकों ने उड़ाया अबीर-गुलाल
चार ब्लॉकों में प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति स्पष्ट होने के बाद प्रत्याशी समर्थकों ने अबीर-गुलाल उड़ाना शुरू कर दिया। वहीं ब्लॉक् प्रमुख पद पर लगभग निर्वाचित होने वाले वेदप्रकाश शुक्ला, मनीषा, कोदई निषाद तथा आनंद शंकर वर्मा को बधाई देने वालों की भीड़ लग गई।