नहर किनारे घड़ियाल दिखने से ग्रामीणों में दहशत
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल (महराजगंज)। क्षेत्र के बढ़या गांव के निकट मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के किनारे रविवार करीब एक बजे ग्रामीणों को चार फीट लंबा घड़ियाल दिखाई दिया। घड़ियाल को देख ग्रामीण सहम गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घड़ियाल को पकड़कर नारायणी नदी के ठोकर नंबर एक के पास छोड़ दिया।
स्थानीय नागरिक प्रदीप राजभर, जगरनाथ पटेल, विवेक गुप्ता,रामजी आदि लोगों ने बताया कि रविवार को मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के किनारे घड़ियाल दिखा। घड़ियाल को देखने के लिए मौके पर काफी संख्या मंें लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे वन कर्मी प्रमोद मिश्रा, रमेश, विजय सिंह ने स्थानीय लोगों की सहायता से किसी तरह घड़ियाल को रस्सियों से बांधा। फिर उसे नारायणी नदी में छोड़ दिया। वन क्षेत्राधिकारी अशोक चंद्रा ने बताया कि घड़ियाल को वन कर्मियों द्वारा पकड़ कर नारायणी नदी के ठोकर नंबर एक के पास छोड़ दिया गया है।