नौतनवा। धोतिअहवा गांव में मासूम के लापता होने के बाद से धोतिअहवा, कजरी, दशरथपुर, करैला अजगरहा, सेमरहवा, हनुमानगढ़िया, रामनगर, पिपरहिया, सिंहपुर समेत 10 गांवों की करीब 20 हजार आबादी के लोगों में दहशत है। सोमवार को ग्रामीण गांव, सीवान, नदी, तालाब में खाक छानते रहे, लेकिन मासूम का पता नहीं चल सका।
नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव धोतिअहवा में दुधमुंहा बच्चे के गायब होने के बाद से लोगों में चर्चा हो रही है कि बच्चे को जंगली जानवर ले गया या कोई और? यह रहस्य बना हुआ है। हालांकि बच्चे की मां और पिता का कहना है कि जानवर था जो बच्चे को उठाकर ले गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुकई ग्रामीण कृपा शंकर यादव, राज मौर्य, सूरज मौर्य, चूल्हाई, पप्पू, धर्मराज, विंदू, पवित्रा, रीता, प्रियंका, ज्योति का कहना है कि गांव में इस तरह की पहली घटना है कि किसी दुधमुंहे बच्चे को उसकी मां के पास से कोई जानवर उठा ले गया।
बतादें कि लक्ष्मीपुर रेंज के टेढ़ी घाट बीट के जंगल से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर धोतिअहवा गांव है। इस क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवर निकलते रहते हैं। इससे आशंका है कि कोई जंगली जानवर ही बच्चे को ले गया होगा।
जांच के दौरान ऐसा कोई निशान नहीं मिला : रेंजर लक्ष्मीपुर वेद प्रकाश शर्मा का कहना है कि यदि जंगली जानवर होता तो कहीं न कहीं खून गिरा होता और उसका पदचिह्न मिलता। जांच के दौरान ऐसा कोई निशान नहीं मिला है। टीम क्षेत्र में भ्रमण कर जांच कर रही है। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा जा रहा है।ी