महराजगंज। नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर निवासी राम दिनेश यादव (48) की दुबई में हॉर्ट अटैक से मौत हो गई। शनिवार को उसका शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए और उन्हें ढाढ़स बंधाया।
बताया गया कि राम दिनेश यादव दुबई की एक कंपनी में मजदूर के रूप में काम करता था। तीन मई को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथ में काम कर रहे लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान चार मई को उसकी मौत हो गई। शनिवार को मृतक का शव उसके पैतृक आवास पर पहुंचा तो मृतक के पिता गुप्तार यादव, मां झिनका देवी, पत्नी प्रमीला देवी, पुत्र विशाल (20) और पुत्री अंजली (14) वर्ष का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के रोने-बिलखने को सुनकर दरवाजे पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई।