ठूठीबारी। सावन माह के पहले सोमवार को मिनी बाबा धाम के नाम से प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में भगवान शंकर को जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान हर हर महादेव, बोल बम के जयकारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ईटहिया स्थित पंचमुखी भगवान भोलेनाथ के मंदिर परिसर में सावन भर मेला लगता है। सावन माह के पहले सोमवार पर बाबा भोलेनाथ को जल चढाने के लिए पड़ोसी देश नेपाल समेत भारतीय क्षेत्र के महराजगंज, फरेंदा, नौतनवा, सोनौली, बरगदवां, डगरुपुर, ठूठीबारी, निचलौल, सिसवा, घुघली, मिठौरा, सिंदुरियां, भटहट, परतावल, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, कुशीनगर समेत बिहार राज्य से रविवार को ही शिव भक्तों की टोली के आने का सिलसिला शुरु हो गया था।
मंदिर के पुजारी ध्यान गिरी ने बताया कि सोमवार की भोर से ही पंचमुखी बाबा भोले नाथ को जल चढना प्रारंभ हुआ। इस दौरान इटहियां शिव मंदिर पहुंचे शिव भक्तों ने भगवान शंकर को बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प,अक्षत, जल चढ़ाकर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।