महराजगंज। जिले में धान खरीद की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य विपणन विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
इस बार धान खरीद के लिए जिले में 126 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। पिछले वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,300 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे इस बार बढ़ाकर 2,369 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यह 69 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि किसानों के लिए राहत भरी खबर है।
जानकारी के अनुसार, शासन ने जिले के लिए 2 लाख 28 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब तक 1,476 किसानों ने विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराया है। पंजीकृत किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर आसानी से अपनी उपज बेच सकेंगे।
पंजीयन की प्रक्रिया सरल और सुगम: किसान घर बैठे विभागीय पोर्टल के माध्यम से जन सुविधा केंद्रों या साइबर कैफे से ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए किसानों को सबसे पहले अपना आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के जरिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद किसानों को अपनी भूमि और बैंक खाते की जानकारी देनी होगी। पंजीयन में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग ने शिकायत निवारण के लिए भी व्यवस्था की है।