महराजगंज/निचलौल। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना के सर्जिकल आपरेशन ने जिले के लोगों में गर्व और रोमांच का अहसास कराया है। पहली बार लाइन ऑफ कंट्रोल को क्रास कर भारतीय सेना के कमांडोज ने आतंकी पाकिस्तान को उसकी औकात बता दी है। केंद्र सरकार के इस साहसिक कदम से हर व्यक्ति गौरवान्वित महसूस कर रहा है। भारतीय सेना और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं। भारतीय फौज की ऐतिहासिक कार्रवाई हर तरफ जश्न का माहौल है। आतिशबाजी और जुलूस निकाल कर युवाओं ने प्रसन्नता जताई।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ल ने कहा है कि उड़ी में मारे गए सैनिकों का बदला ले लिया है। हमारी सेना ने ऐतिहासिक कार्य किया है। अपनी जान की परवाह किए बगैर पाक अधिकृत कश्मीर में घुस कर आतंकी कैंपों को नष्ट किया है। हमें अपने प्रधानमंत्री के निर्णय और सेना के हौसले पर गर्व है। सांसद पंकज चौधरी ने सेना के आपरेशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं।
उन्होंने कहा था कि देश को नहीं झुकने दूंगा। जब आतंकियों ने उड़ी में सेना के कैंप पर हमला किया था तो प्रधानमंत्री ने कहा था कि हमारे सैनिकों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। लगातार पाकिस्तान को हर मोर्चे पर झुकाते हुए सार्क सम्मेलन में पाक को शर्मिंदा किया। वहीं उसकी सीमा में घुस कर करारा जवाब भी दिया है।
उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों ने जो मिसाल पेश की है। उससे हम सबका मस्तक ऊंचा हुआ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी सेना दोनों बधाई के पात्र है। मोदी सरकार देश व देश के सैनिकों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी, माकूल जवाब देगी।
निचलौल में भारतीय सेना द्वारा पीओके में घुस कर आतंकी कैंपों पर हमले किए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को नगर में युवाओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। एक स्वर में युवा ने भारतीय सेना की इस कार्यवाही पर खुशी का इजहार किया और इसे शहीदों को सेना की सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे नगर के मेन मार्केट में बड़ी संख्या में जुटे युवाओं ने आतिशबाजी की। भारत माता के जयकारों के साथ पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। सेना की कार्यवाही पर गदगद युवाओं ने कहा कि भारत सरकार ने अगर पहले यह निर्णय लिया होता तो हमारे जवान शहीद न हुए होते लेकिन, सेना ने पीओके में घुस कर आतंकी कैंपों को तहस नहस कर शहीद जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।
इसका हम सभी राष्ट्रहित में स्वागत करते हैं। इसके उपरांत युवाओं ने ढोल नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला और भारत माता अमर शहीदों व भारतीय सेना की जय जयकार की। युवाओं ने पाक के खिलाफ नारेबाजी की। भोला वर्मा, मुन्ना मद्धेशिया, पवन श्रीवास्तव, सुधीर वर्मा, मुकेश वर्मा, अरविंद वर्मा, राज वर्मा, सोनू मद्धेशिया, दीपक वर्मा, सुनील मोदनवाल, आशीष व धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।