पनियरा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत गिरगिटियां में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी बन रही है। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी काम पूरा नहीं हो सका। केवल टंकी का फाउंडेशन बनाकर छोड़ दिया गया है। पंप हाउस, बाउंड्रीवॉल के साथ सोलर पैनल लगाकर तैयार है। कार्यदायी संस्था को जून 2024 तक हर घर नल हर घर जल उपलब्ध करा देना था। सूचना बोर्ड के अनुसार, कार्यदायी संस्था रित्विक कोया (जेवी) ग्राम गिरगिटियां में 272.68 लाख रुपये की लागत से 275 केएल क्षमता की टंकी बननी है। इसमें ग्राम पंचायत गिरगिटियां के 8 मजरों के 667 घरों तक 13663 मीटर लंबी पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंचाना है। इससे 4239 लोग लाभांवित हो पाएंगे। इसमें मोटर भी लगना है।
12 जनवरी 2023 से कार्य शुरू होकर जून 2024 को 18 माह की अवधि में कार्य पूरा हो जाना था, लेकिन छह माह अधिक होने के बाद भी टंकी नहीं बन सकी। गांव के इंदल भारती, कैलाश, जीतने अली, रमजान, शहादत, सुरेंद्र जायसवाल, उमेश, असफाक खान व राकेश सिंह ने बताया कि गांव में पाइप लाइन पड़े सालों बीत गया। केवल बाउंड्रीवॉल व पंप हाउस बना है। टंकी के नीचे के सभी पीलर दस फीट तक बनाकर छोड़ दिए गए हैं। संवाद