महराजगंज। जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) रविवार को हुई। परीक्षा के दौरान गणित के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया तो करंट अफेयर्स के सवालों ने उम्मीद बढाई।
जिले में रविवार को कड़ी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के बीच पीईटी परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 11 केंद्र बनाए गए थे। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित हुई। इसमें कुल 4872 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसके सापेक्ष 3510 उपस्थित रहे। कुल 1362 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली अपराह्न तीन से पांच बजे तक चली। दूसरी पाली में भी 4872 परीक्षार्थियों में से 3518 उपस्थित रहे और 1354 गैरहाजिर रहे।
परीक्षा को नकल विहीन और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई थी। केंद्रों के मुख्य गेट पर सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पूरी परीक्षा कराई गई।
जिले के परीक्षा नोडल दिवाकर सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। उड़नदस्ता टीमों ने लगातार केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस बल भी केंद्रों के बाहर मुस्तैद रहा। परीक्षा देकर निकले कई अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर का स्तर सामान्य था। प्रशासन की सख्ती के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
बोले परीक्षार्थी
परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था बहुत अच्छी थी। तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। पेपर का स्तर ठीक था। बाल मनोविज्ञान के प्रश्न थोड़े कठिन लगे, लेकिन कुल मिलाकर पेपर अच्छा हुआ। प्रशासन की व्यवस्था काफी चुस्त-दुरुस्त रही।
- सरिता, संतकबीरनगर
पहली पाली में परीक्षा दिया पेपर अच्छा हुआ है। सीसीटीवी निगरानी में परीक्षा के कारण एक-दूसरे से परीक्षा में बातचीत भी अभ्यर्थी नहीं कर सके। पेपर में करंट अफेयर्स के सवाल उलझाने वाले थे। फिर भी मेरा प्रयास अच्छा करने का रहा।
- शेषमणि, संतकबीरनगर
गोरखपुर से परीक्षा देने आया था। केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं हुई। पेपर मध्यम स्तर का था। हिंदी और संस्कृत के प्रश्न आसान लगे। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी, नकल की कोई गुंजाइश नहीं रही।
- अजय कुमार, गोरखपुर
दूसरी पाली में परीक्षा देने आया। गणित के कुछ सवालों में समय ज्यादा लगा। पेपर संतुलित था। केंद्र व्यवस्थापकों ने पूरा सहयोग किया। परीक्षा व्यवस्था बेहतर लगी, उम्मीद है परिणाम अच्छा आएगा।
- संजीव कुमार, गोरखपुर
बोले अधिकारी
पहले दिन की परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। केंद्रवार सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट केंद्र व्यवस्थापकों के साथ मुस्तैद रहे। डीआईओएस कार्यालय कंट्रोल रूम से भी सीसीटीवी मॉनिटरिंग प्रबंध रहे।
- राम नगीना भारती, जिला विद्यालय निरीक्षक