महराजगंज-निचलौल। जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिले के चार तहसीलों में कुल 281 मामले में आए, जिसमें से मौके पर केवल 27 मामलों का ही निस्तारण हो पाया, जबकि तीन मामलों को अधिकारियों ने 24 घंटे के अंदर निस्तारण का निर्देश दिया। जिला स्तरीय तहसील समाधान दिवस का आयोजन डीएम की अध्यक्षता में मंगलवार को निचलौल तहसील सभागार में आयोजित किया गया। कुल 120 शिकायतें प्राप्त आयी, जिसमें से 12 मौके पर ही निस्तारण किया गया। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि चीनी मिल की शिकायत मिल रहीं है, घटतौली बंद होनी चाहिये। बाहर से गन्ना नहीं आना चाहिए। माह जनवरी तक पुराना भुगतान हो जाये। शिकायत आने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। शिकायतों की रिपोर्ट आनलाइन फीड कराया जाय। तहसील दिवस मे लंबित पुराने 3 मामलों को 24 घंटे के अंदर निस्तारित कर रिपोर्ट देने को कहा। सदर तहसील में एडीएम आरपी कश्यप ने समस्याओं को सुना। यहां 53 मामलों में से 7 समस्याओं को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद, तहसीलदार केशवचंद के अलावा तमाम अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने लोगों की समस्या सुनी और अपराध पर नियंत्रण करने का निर्देश दिया। नगर पंचायत निचलौल के अध्यक्ष विश्वनाथ मद्धेशिया ने नगर में नवीन परती की भूमि, पोखरी व खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जा की शिकायत की। विनोद यादव ने पुराना गन्ना मूल्य भुगतान की बात कही। पड़री कला के गयासुद्दीन अंसारी ने गांव मे राशन कार्ड की शिकायत की। इस दौरान परियोजना निदेशक जी पी गौतम, डीडी कृषि गणेश प्रसाद दूबे, बीएसए जगदीश शुक्ला, बीडीओ विवेकानंद मिश्र, उपजिलाधिकारी देवेश कुमार गुप्त, तहसीलदार नरेश चंद, सीएचसी. अधीक्षक डॉ. दयानंद सिंह आदि उपस्थित रहे।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार तहसील समाधान दिवस मंगलवार तहसीलदार राजेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जिसमें कुल 60 शिकायती मामले दर्ज किये गये। जिनसे से मौके पर राजस्व विभाग के पांच मामले का निस्तारण किया गया। बाकी मामलों की जांच के लिये संबंधित विभागों को निस्तारण के लिये सौंप दिया गया। इस मौके पर सीओ सुरेश कुमार रवि, एसडीओ बिजली राजनरायन, एडीओ सांखिकी वीरेंद्र सिंह, प्रभारी बीडीओ रामाकांत कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील समाधान दिवस पर 48 मामले आये जिसमें से महज 3 मामलों का मौके पर ही निस्तारण हो सका। एसडीएम आरबी सिंह ने समस्याओं को सुना। इस दौरान तहसीलदार अशोक कुमार के अलावा तमाम अधिकारी मौजूद रहे।