नौतनवां में एसएसबी जवानों ने निकाली सतर्कता जागरूकता रैली।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
नौतनवां। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत मंगलवार को एसएसबी की तरफ से नगर में रैली निकाली गई। पहली बटालियन के जवानों ने नगर में भ्रमण करके लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ सजग होने की शपथ दिलाई।
डिप्टी कमांडेंट दिलीप कुमार झा और डिप्टी कमांडेंट टी राजेश पाल के नेतृत्व में दुमहान घाट बटालियन के मुख्यालय से रैली निकली। इसमें नौतनवां इंटर कालेज के छात्रों ने भाग लिया। रैली में छात्रों नेस्लोगन के माध्यम से भ्रष्टाचार के विरूद्ध लड़ने तथा भ्रष्टाचार दूर करो, भ्रष्टाचार मिटाना है, देश को आगे बढ़ाना है के नारे लगाते हुये छपवा गांव, पुरानी नौतनवा चौराहा, रेलवे स्टेशन चौराहा होते हुये वापस बटालियन मुख्यालय पहुंचे।
जवानों को संगठन के विकास और प्रतिष्ठा के प्रति सचेत रहने। सामूहिक प्रयासों द्वारा अपने संगठन को गौरवशाली बनाने और अपने कर्तव्य का पालन पूर्ण ईमानदारी से करने की शपथ दिलाई गई। डिप्टी कमांडेंट दिलीप कुमार झा ने बताया कि 30 अक्टूबर से 4 नवम्बर तक बटालियन के सभी एसएसबी कैंपों में सतर्कता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसमें क्विज, निबंध, वाद-विवाद, पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर असिस्टेंट कमांडेंट संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।