नौतनवा। तहसील क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय अरघा के प्रभारी प्रधानाध्यापक ऋषिकेश गुप्ता पर सोशल मीडिया के जरिए विद्यालय मर्जर प्रक्रिया का विरोध करना भारी पड़ गया है। इसका संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण तलब किया है। एक सप्ताह के अंदर संतोषजनक जवाब नहीं देने की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के गनेशपुर टोला कोहड़वल निवासी अमित शुक्ला ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि कंपोजिट विद्यालय अरघा के प्रभारी प्रधानाध्यापक ऋषिकेश गुप्ता ने अपने फेसबुक पर (अब.... नौनिहालों की नींव पर ताला) नामक शीर्षक से एक लेख पोस्ट किया है, जिसके जरिए विद्यालय मर्जर की प्रक्रिया तथा शासन व प्रशासन की घोर आलोचना की जा रही है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय अरघा क्षेत्र नौतनवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक ऋषिकेश गुप्ता के इस कृत्य से शिक्षा विभाग और सरकार दोनों की छवि धूमिल हुई है। यह कृत्य उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि प्रधानाध्यापक ऋषिकेश गुप्ता से एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा गया है।