महराजगंज। रक्षाबंधन पर तीन दिन तक निशुल्क यात्रा की सहूलियत के कारण लंबी दूरी की बसों का संचालन ठप है। इसका असर यह है कि महराजगंज से लखनऊ-कानपुर अथवा काशी-प्रयाग रूट के यात्रियों को महराजगंज डिपो से बस नहीं मिल रही है। यात्री गोरखपुर से बस पकड़ रहे हैं। ऐसे में उन्हें दो-दो स्थान पर सामान उतारने-चढ़ाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
महराजगंज डिपो के पास कुल 76 बस हैं। इनमें से 15 बसे लखनऊ- कानपुर- दिल्ली रूट पर तो पांच बसों का संचालन काशी रूट पर किया जाता है लेकिन रक्षाबंधन पर तीन दिनों की निशुल्क यात्रा के कारण लोकल रूट पर उमड़ी भीड़ को यात्रा सुविधा देने के लिए लांग रूट की सभी बसों को लोकल रूट पर उतारना पड़ा। ऐसे में बाहर से रक्षाबंधन मनाने आए लोगों को इन रूटों पर निकलने में असुविधा हो रही है।
महराजगंज तिराहे पर गोरखपुर जाने के लिए अजय कुमार कसौधन अपने परिवार संग मिले। उन्होंने बताया कि डिपो से कानपुर की बस न मिलने के कारण गोरखपुर प्राइवेट साधन से जाएंगे। गोरखपुर से कानपुर के लिए बस पकड़ेंगे। संवाद