मंगलवार को पीएचसी महेदवा दूबे में आग लगने से कई उपकरण जलकर हो गए थे राख
बुधवार को सीएमओ ने पीएचसी का किया निरीक्षण
फरेंदा। क्षेत्र के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे में मंगलवार को दिन में गेहूं के डंठल में लगी आग से अस्पताल में लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गए। बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी राजेश द्विवेदी और अधीक्षक डॉ. एमपी सोनकर अस्पताल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने नुकसान हुए सामान का अवलोकन कर अग्रिम व्यवस्था तक कोविड कक्ष में ओपीडी शुरू करने की बात कही।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे में आग लगने से इलेक्ट्रानिक उपकरण के साथ ऑक्सीजन कंसल्ट्रेटर, कंम्प्यूटर, टीवी, नेबुलाइजेशन मशीन, सेक्सन मशीन, चार आलमारी, बेड, कंबल, चद्दर सहित दवा भी जलकर राख हो गया था। निरीक्षण के बाद सीएमओ नवनाथ प्रसाद ने बताया कि आगजनी की घटना के बाद मरीजों की संख्या में भी कमी दिखी। दूर-दराज से पहुंचने वाले मरीज नहीं आए। कुल 10 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। उनको दवा दिया गया। आग लगने से काफी असुविधाएं हो रही हैं। उन्होंने ने कहा कि आग से काफी क्षति हुई है। जब तक सामग्री उपलब्ध नहीं होती तब तक वैकल्पिक व्यवस्था से काम किया जाएगा। अधीक्षक डॉ. एमपी सोनकर ने कहा कि अस्पताल के कमरे भी आग की चपेट में आ गए थे। जब तब कमरा ठीक नहीं हो जाता तब तक कोविड कक्ष को ठीक करा कर उसी में ओपीडी संचालित की जाएगी। मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसका ध्यान दिया जा रहा है।
क्षेत्र के महत्वपूर्ण अस्पताल है पीएचसी महदेवा दूबे
फरेंदा और महराजगंज के बीच में स्थित महदेवा दूबे में बना पीएचसी क्षेत्र के लिए बेहद अहम माना जाता है। अस्पताल पर क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग इलाज के लिए पहुंचते है। आगजनी की घटना से इलाज भी प्रभावित हो रहा है। यह अस्पताल क्षेत्र के करीब पांच हजार लोगों का मुख्य अस्पताल है।