नेपाली नागरिक को एक साल का सश्रम कारावास
महराजगंज। अपर सत्र न्यायाधीश त्वरित न्यायालय कमलेश्वर पांडेय ने एनडीपीएस एक्ट मामले की सुनवाई करते हुए नेपाली नागरिक को एक साल दो माह की सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पांच हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड न जमा करने की दशा में 15-15 दिन की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी।
जानकारी के अनुसार, नेपाल के रूपनदेही जिले के सूर्यपुरा निवासी भेष बहादुर को 27 अक्तूबर 2021 को सोनौली कस्बे के सुकरौली काली मंदिर के पास से हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद मामले की विवेचना पूरी करके आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। दोनों पक्षों के तर्कों एवं साक्ष्यों के परीक्षण के उपरांत न्यायालय ने यह सजा सुनाई है।