परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मार्ग दुर्घटनाओं में एक की मौत और चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में चल रहा है, जबकि दो को जिला अस्पताल महराजगंज। दो घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया था लेकिन रास्ते में ही एक की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम पहली दुर्घटना बसहिया बुजुर्ग गांव के मुराली चौराहे के पास हुई, जहां ट्राली ट्रैक्टर से बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार बसहिया बुजुर्ग निवासी सत्यम, पिंटू और कुंदन घायल हो गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी परतावल लाया गया। सत्यम व पिंटू की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज जाते समय रास्ते में ही सत्यम की मौत हो गई, जबकि कुंदन का इलाज परतावल सीएचसी में चल रहा है।
वहीं दूसरी दुर्घटना परतावल–पनियरा मार्ग पर कोटवा गांव के पास हुई। बाइक सवार घुघुली थाना क्षेत्र के मटकोपा निवासी आशीष और राजन की टक्कर हो गई। हादसे में मटकोपा निवासी आशीष और राजन घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया गया है। दुर्घटना परतावल–पनियरा मार्ग पर कोटवा गांव के पास हुई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतक का शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।