पांच दिनों बाद जनपद में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला
महराजगंज। पांच दिन बाद जिले में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। अब तक कुल केस 12, 440 हो चुका है जिसमें एक सक्रिय केस है। वहीं, जिले में अबतक कोरोना से 140 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 12,298 लोग स्वस्थ हुए हैं। यह जानकारी उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने दी। उन्होंने बताया कि कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
दूसरी ओर, कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए मंगलवार को कम लोग केंद्र पर पहुंचे लिहाजा हर रोज की अपेक्षा भीड़ थोड़ी कम हुई। महिला अस्पताल में भी लोगों की भीड़ पहले की तुलना में कम रही जिससे लोग आसानी से टीका लगवाकर चले गए। वहीं, जिले के अन्य केंद्रों पर भी यही हाल रहा। जिले में 6,542 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया।
महिला अस्पताल के अलावा सिसवां, फरेंदा, नौतनवां, परतावल, घुघली समेत अन्य सीएचसी पर टीका लगाया गया। जिले के सभी केंद्रों पर भीड़ कम रही। चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार को स्थानीय न्यू पीएचसी पर वैक्सीन दोपहर 12 बजे पहुंची। इस बीच तमाम लोग बगैर टीका लगवाए ही वापस चले गए। महिला और पुरुष तेज धूप में खड़े होकर वैक्सीन आने का इंतजार करते रहे। सुबह 9 बजे से ही कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए लोगों की भीड़ पीएचसी पर जुट गई लेकिन पीएचसी पर वैक्सीन देर से पहुंची। कसमरिया निवासी वसंत ने बताया कि पत्नी के साथ दूसरी डोज का टीका लगवाने सुबह ही आ गए थे। लेकिन रजिस्ट्रेशन के लिए खिड़की नहीं खुली। गौनारिया के अश्वनी ने बताया कि देर होने के कारण घर चला गया।
डॉ. राम स्वरूप ने बताया कि जो स्टाफ वैक्सीन लेने सीएचसी जगदौर गया था आते समय उनकी बाइक की टायर पंक्चर हो गई थी, इसलिए वैक्सीन आने में विलंब हो गया। मौजूद लोगों को टीका लगाकर भेजा गया।