तिलक में गए युवक का पानी में उतराता मिला शव
चौक बाजार (महराजगंज)। तिलक समारोह में चौक गए बरगदही वसंतनाथ के युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार को पड़री कला गांव के पास सड़क के किनारे स्थित पुलिया के पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक बरगदही वसंतनाथ निवासी अविनाश पांडेय उर्फ तनुज (30) ग्रेटर नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। नोएडा से एक सप्ताह पूर्व छुट्टी पर घर आए थे। मंगलवार शाम एक तिलक समारोह में हिस्सा लेने वे चौक गए। पिता रवींद्र पांडेय के मुताबिक अविनाश ने रात नौ बजे अपने पत्नी को फोन करके पांच मिनट में घर पहुचने की बात कही थी। रात 11 बजे तक उनके घर नहीं पहुंचने से चिंतित परिजनों ने थाने पर पहुंचकर अविनाश के लापता होने की लिखित सूचना भी दी। बुधवार सुबह 11 बजे युवक का शव पड़री कला के पास पुलिया के बगल पानी में उतराता मिला। उनका बाइक भी पानी मे डूबा हुआ था।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। शव देख उनके पिता व परिवार के अन्य सदस्य रोने लगे। उनका रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस उपाधीक्षक डीके उपाध्याय ने बताया कि मामले मेें छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का कहना है कि जब अविनाश ने पांच मिनट में घर पहुँचने की बात कह कर फोन काटा था तो निचलौल की ओर लगभग 10 किलोमीटर दूर जाने की क्या आवश्यकता आ पड़ी। किसी साजिश के तहत वहां ले जा कर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस को दिखानी चाहिए थी गंभीरता
ग्रामीणों का कहना था कि जब परिजनों ने रात 11 बजे अविनाश के लापता होने की सूचना थाने पर दिया तभी पुलिस को गंभीरता दिखाना चाहिए था। यदि उसका मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया गया होता तो शायद करेंट लोकेशन का पता चल जाता और अविनाश को बचा लिया गया होता।