मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिठौरा निवासी 35 वर्षीय अराधना रौनियार 14 अगस्त की रात को घर से लापता हो गई थी। महिला के पति स्वप्निल ने सिंदुरिया थाने में शिकायती पत्र देकर महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार की शाम उसकी लाश नहर से मिली है।
पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम के साथ बृहस्पतिवार की शाम को नारायणी नहर में महिला को ढूंढने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार की शाम 5:30 बजे सिंदुरिया स्थित देवरिया शाखा की नारायणी के नहर पुल के पास से घर जा रहे ग्रामीणों ने महिला का शव देखा तो शोर मचाया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची सिंदुरिया थाने की पुलिस ने शव को निकाला। मृतका के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। थाना प्रभारी सिंदुरिया महेंद्र कुमार सिंह का कहना है की पीएम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चल सकेगा।