बस चालक ने अचानक बढ़ा दी थी गति, सड़क पर गिरने से हुई थी मौत
गोरखपुर-सोनौली मुख्य मार्ग पर पुरंदरपुर फ्लाईओवर के पास हुआ था हादसा
फरेंदा। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में करीब ढाई माह पहले बस की टक्कर से नेपाली नागरिक की मौत के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नेपाल के जिला चितवन के जुतपानी निवासी निर्मला ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति श्रेष्ठ (42) हैदराबाद में काम करते थे। 16 जून को वह बस से हैदराबाद से बुटवल के लिए निकले थे। 18 जून की सुबह करीब पांच बजे बस गोरखपुर-सोनौली मुख्य मार्ग पर पुरंदरपुर फ्लाईओवर के आगे पहुंची। आरोप है कि चालक ने बस को रोककर यात्रियों को उतारने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक ने अचानक तेज गति और लापरवाही से बस आगे बढ़ा दी।
बस से उतर रहे श्रेष्ठ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया गया।
मृतक की पत्नी का आरोप है कि घटना के बाद थाने में रिपोर्ट के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए पुरंदरपुर पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना के आदेश दिया। इसके बाद छह सितंबर को अज्ञात चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।