रास्ते में शौचालय का गड्ढा खोदने पर हुआ था बवाल, आरोपियों पर लूटपाट करने का भी आरोप
चौक बाजार। कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार गांव के टोला बरइठवां में रास्ते में शौचालय का गड्ढा खोदने को लेकर पुराने विवाद में पुलिस ने बृहस्पतिवार को आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। आरोपियों पर मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की धाराएं लगाई गई हैं।
गांव निवासी खूबलाल (55) ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके घर के सामने से गुजरने वाले रास्ते पर सुमन नामक महिला जबरन शौचालय का गड्ढा खुदवा रही थी। इसको लेकर 25 सितंबर 2025 को दोनों पक्षों में सुलह हुई थी, जिसमें रास्ते पर अतिक्रमण न करने की सहमति बनी थी। बावजूद इसके 19 जनवरी 2026 को दोबारा गड्ढा खोदने का प्रयास किया गया, जिसको लेकर विवाद हुआ, जिसमें पुलिस ने एनसीआर भी दर्ज किया था।
आरोप है कि 4 फरवरी 2026 को शाम करीब चार बजे सुमन सहित आठ लोग फिर उसी स्थान पर गड्ढा खोदने लगे। विरोध करने पर सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। जान बचाकर घर में घुसने पर हमलावर घर में भी घुस आए और अभद्रता की। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में बेटे किशन के गले की हड्डी टूट गई। यह भी आरोप है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ कर बक्सा तोड़ दिया और नकदी व कपड़े लूट लिए। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ लेकिन जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि पहले थाने और बाद में पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। इस संबंध में कोतवाली निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सुमन, विमला, जंगीलाल, अनीता, जितेंद्र, मुन्ना, शांति और प्रियंका के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।