महराजगंज। जिले में संपर्क मार्ग से वंचित 18 मुसहर गांवों के दिन बहुरने वाले हैं। मुसहर बाहुल्य इन गांवों को जोड़ने की कवायद शुरू कर दी गई है। इन गांवों को जोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब 11.24 करोड़ की कार्ययोजना बनाकर मुख्यालय भेज दिया है। इन सभी गांवों को जोड़ने के लिए करीब 13 किमी सड़क बनाई जाएगी।
वन ग्राम के साथ ही मुसहर बाहुल्य गांवों को पिच सड़क से जोड़ना मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल है। इसके मद्देनजर सभी वन ग्रामों को पिच मार्ग से जोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब 65 करोड़ रुपये की कार्ययोजना भेजी है। इसी क्रम में शासन की मंशा के अनुरूप संपर्क मार्ग से वंचित 18 मुसहर बाहुल्य गांवों को जोड़ने के लिए भी करीब सवा 11 करोड़ की कार्ययोजना बनाई गई है।
इसके तहत प्रांतीय खंड ने 10.35 करोड़ की कार्ययोजना प्रस्तावित की है वहीं निर्माण खंड ने 89 लाख का प्रस्ताव भेजा है। इनमें से प्रांतीय खंड ने 14 गांवों को जोड़ने के लिए करीब 11.50 किमी सड़क बनाने का प्रस्ताव दिया है वहीं निर्माण खंड ने चार गांवों को जोड़ने के लिए 1.45 किमी सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है।