महराजगंज। शिक्षक दिवस के मौके पर शनिवार को सिसवा विधानसभा क्षेत्र के पटखौली गांव में बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय को लेकर सपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर बच्चों और ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान बंद विद्यालय को दोबारा संचालित कराने की मांग उठाई गई।
पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बजाय विद्यालय बंद करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। सरकार बनने पर पटखौली के बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय को दोबारा खुलवाया जाएगा। साथ ही विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर हाईटेक स्कूल के रूप में विकसित कराया जाएगा ताकि गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
सपा नेताओं ने ग्रामीणों और बच्चों को शिक्षा के अधिकार और महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि गांव का विद्यालय केवल एक भवन नहीं बल्कि बच्चों के भविष्य की नींव होता है। इसके बंद होने का सीधा असर गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, शैलेश सुल्तानिया, प्रवीण सिंह, अरुण उपाध्याय, छोटेलाल व अन्य मौजूद रहे।