महराजगंज। मनरेगा योजना में सख्ती के बाद भी फर्जी मजदूरों की हाजिरी लगाने वाले जिम्मेदार अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले मनरेगा आयुक्त की ओर से की गई जांच में कमियां मिलने पर ब्लॉक के जिम्मेदारों के खिलाफ सख्ती की गई थी। इसके बावजूद होली के दिन 14 मार्च को ब्लॉक क्षेत्र के आठ गांवों में जिम्मेदारों की ओर से कुल 889 मनरेगा मजदूरों की हाजिरी लगाई गई है। सूत्रों के मुताबिक पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जिम्मेदार इस करतूत को अंजाम देने के लिए एक ही फोटो को कई मस्टररोल में अपलोड किए हैं। वहीं होली पर सार्वजनिक अवकाश के दिन मनरेगा पोर्टल पर मनरेगा मजदूरों की हाजिर देख हड़कंप मच गया है। जिसे लेकर लोगों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं।
मनरेगा योजना के पोर्टल पर एनएमएमएस एप के माध्यम से हर दिन लगने वाली हाजिरी में 14 मार्च को सार्वजनिक अवकाश के दिन निचलौल ब्लॉक के अमड़ी गांव में 101, भेड़हारी में 219, करदह 107, ओढ़वलिया में 35, रामचंद्रही में 245, रुद्रौली में 10, सिधावे में 22 और टिकुलहिया में 150 सहित कुल 889 मनरेगा मजदूरों की हाजिरी लगाई गई है।
मामले की जानकारी मिली है। किसी कार्य से बाहर हूं। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिवेंद्र सूर्यवंशी, एपीओ, निचलौल