977 मजरों में बदले जाएंगे पुराने तार, सर्वे शुुरू
पुुराने तारों की जगह पर क्षमता के अनुसार लगेगा केबल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में 865 गांवों के 977 मजरों में पुराने जर्जर तार बदले जाएंगे। इसके लिए विद्युत निगम की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। यही नहीं इसके लिए कार्यदायी संस्था की ओर से चिह्नित मजरे में सर्वे कार्य भी शुरू है। ताकि जल्द पुराने जर्जर तारों को बदला जा सके।
विद्युत निगम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 4,535 मजरों में सौभाग्य योजना के तहत बिजली का कनेक्शन देने का कार्य हुआ था। इन गांव में पहले से लगे तार को बदलने की तैयारी की जा रही है। सबसे पहले उन मजरों को शामिल किया गया है। जिनकी आबादी एक हजार से अधिक है। ऐसे में जिले के 865 गांवों के 977 मजरे एक हजार से अधिक आबादी वाले चिह्नित किए गए हैं। जहां तार को बदला जाना है। इसके लिए एक कार्यदायी संस्था को नामित किया गया है। संस्था ने चिह्नित गांव में सर्वे करना शुरू कर दिया है। लोड के हिसाब से पुराने जर्जर तार को बदलकर केबल लगाया जाएगा। अधिशासी अभियंता हरिशंकर ने बताया कि जिले में सबसे पहले एक हजार से अधिक आबादी वाले 977 मजरों को चिह्नित कर कार्यदायी संस्था द्वारा सर्वे का शुरू कर दिया गया है। इन मजरों में जल्द तार बदलने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
‘अधिक बिल देखकर न घबराएं उपभोक्ता’
अधिशासी अभियंता हरिशंकर ने बताया कि जिले में मीटर आधारित बिल के लिए सभी विद्युत उपभोक्ताओं को प्रेरित किया जा रहा है। यदि किसी भी उपभोक्ता का विद्युत बिल अधिक आ रहा है तो वह घबराए नहीं, संबंधित एसडीओ, जेई व अधिशासी अभियंता कार्यालय पर पहुंचकर विद्युत बिल सुधार कराए।
‘मोबाइल नंबर अपडेट कराएं उपभोक्ता’
जिन उपभोक्ताओं ने अपना मोबाइल नंबर अब भी अपडेट नहीं कराया है। वह संबंधित फीडर या अधिशासी अभियंता कार्यालय पर पहुंचकर मोबाइल नंबर अपडेट करा लें। इससे विद्युत बिल से जूड़ी सूचना के लिए निगम की ओर से संदेश मिलेगा।