सक्सेना चौराहे पर स्थित पुरानी तहसील के बिल्डिंग को तोड़ते नगर पालिका के कर्मी।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
पुरानी तहसील को किया जा रहा ध्वस्त, बनेगा चिल्ड्रेन पार्क
प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका के कर्मियों ने शुरू की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
महराजगंज। नए वर्ष तक नगर के मुख्य चौराहे का स्वरूप बदला-बदला नजर आएगा। चौराहे के बगल में स्थित पुराने व जर्जर हो चुके तहसील भवन को प्रशासन के निर्देश पर पालिका ने जेसीबी लगवाकर बुधवार सुबह ध्वस्त कराया। ध्वस्त हुए स्थल से मलबा के हटाए जाने के बाद वहां पर घंटाघर व चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण होगा। इसके बन जाने से जहां चौराहा सुंदर नजर आएगा, वहीं बच्चों को काफी राहत मिलेगी।
मुख्य चौराहे के पास बना पुराना तहसील भवन जहां अत्यंत जर्जर हो गया था वहीं बारिश होने की दशा में उसके गिरने का भी डर बना हुआ था। प्रशासन ने उसके गिराने का निर्देश पहले ही दिया था जिस पर पालिका के कर्मियों ने तीन जेसीबी के साथ पहुंचकर एक किनारे से उसे गिराना प्रारंभ कर दिया। भवन के ध्वस्तीकरण के बाद पहले उसके मलबे को यहां से हटाया जाएगा तथा उसके बाद उसकी पैमाइश कराते हुए चिल्ड्रेन पार्क व घंटाघर निर्माण संबंधी प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा। भवन के ध्वस्तीकरण के दौरान जाम की स्थिति बनी, लेकिन यातायात कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए लोगों की मुश्किलों को कम करने का कार्य किया।
----------
तहसील के पुराने भवन को ध्वस्त कराया जा रहा है। ध्वस्त कराए जाने के बाद वहां पर चिल्ड्रेन पार्क व घंटाघर निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा जिससे चौराहे को सुंदर स्वरूप दिया जा सके।
आलोक कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी