भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई का किया आयोजन
महराजगंज। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को धनेवा स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई की। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विद्युत, सड़क, आवास, पेंशन, चिकित्सा, शिक्षा तथा अन्य विभागों से जुड़े मामलों की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
पंकज चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसामान्य से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले तथा शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जनकल्याणकारी प्रशासन स्थापित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने फरियादियों की समस्या को सुना और संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी नागरिक को न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों ने भूमि विवाद, वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना, बिजली आपूर्ति, सड़क निर्माण तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से संपर्क कर समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई जबकि कुछ मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही लक्ष्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का आह्वान किया।