उर्वरक बिक्री केंद्रों पर नजर रखेंगे प्राविधिक सहायक
- कृषि विभाग ने पीओएस मशीन से उर्वरक की बिक्री करने का निर्देश दिया
महराजगंज। कृषि विभाग ने उर्वरक बिक्री केंद्रों की मनमानी रोकने के लिए प्राविधिक सहायकों को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि विक्रेता पीओएस मशीन के माध्यम से उर्वरक का वितरण करें। मनमानी करने वाले विक्रेताओं की सूचना विभाग को उपलब्ध कराई जाए।
विभाग को कुछ उर्वरक बिक्री केंद्रों द्वारा पीओएस मशीन के माध्यम से उर्वरक का वितरण न किए जाने की शिकायत मिली है। विभागीय जिम्मेदारों ने प्राविधिक सहायकों को संबंधित क्षेत्र में इस पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की जिम्मेदारी सौंपी है। जिला कृषि अधिकारी हिमांचल सोनकर ने बताया कि मानकों के विपरीत उर्वरक बेचने वालों के विरुद्ध विभाग कड़ी कार्रवाई करेगा। स्थिति पर नजर रखने के लिए सभी प्राविधिक सहायकों को जिम्मेदारी दी गई है।
फसल बीमा को लेकर शिथिलता न बरतें किसान
कृषि अधिकारी ने कहा कि किसान फसल बीमा को लेकर शिथिलता न बरतें। यदि उन्हें प्रीमियम कटवाना है अथवा नहीं कटवाना है तो उन्हें प्रत्येक दशा में इसका सहमति पत्र बैंकों को देना होगा। सहमति न देने वाले किसानों का प्रीमियम कटने लगेगा।