जिला अस्पताल में गर्मी बढ़ते ही मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। अस्पताल में चाहे दवा वितरण काउंटर हो या फिर डाक्टर का कक्ष। सभी जगह भीड़ बढ़ने से मरीजों को इलाज कराने में परेशानी उठानी पड़ रही है। डॉक्टर भी परेशान दिखे। तमाम मरीज डॉक्टर से मर्ज का इलाज कराने के लिए इधर उधर भटकते रहे क्योंकि उन्हें डॉक्टर का कक्ष भी बताने वाला कोई नहीं था।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में काफी मरीज व तिमारदार परेशान दिखे। लोगों ने कहा कि पर्ची काउंटर पर भीड़ होने से काफी परेशानी से पर्ची मिल रही है। इतना ही नहीं ओपीडी में भुतल के अलावा उपरी तल पर बैठे डॉक्टरों के पास काफी भीड़ होने से डॉक्टर भी काफी परेशान रहे। जिला अस्पताल में पकड़ी क्षेत्र से बच्चे की दवा कराने आए विद्रेंश ने कहा कि रात में बच्चे की पेट में अचानक दर्द होने लगा। सुबह जब जिला अस्पताल में आए है तो भीड़ में किसी तरह पर्चा मिला। और डाक्टर के कक्ष भीड़ होने से काफी देर से इलाज हुआ है। ओपीडी के ऊपरी तल पर बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में भी काफी भीड़ रही। डॉक्टर डीके सिंह ने कहा कि आज कल गर्मी से मरीजों कि संख्या काफी बढ़ गई है। गर्मी के कारण मरीजों में उल्टी दस्त,बुखार , पेट में दर्द, सांस की बिमारी, निमोनिया आदि के रोग बच्चों में हो रहे है। जिसमें ज्यादातर बच्चे उल्टी दस्त के अलावा वायरल फिवर से परेशान हो रहे है।
बगल के कक्ष में बैठे फिजीशियन डॉ. आर. यादव ने बताया कि बच्चों के अलावा बडे लोगों को भी वायरल फिवर के अलावा पेट दर्द व उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है।
बच्चें अखिलेश की दवा कराने आई महिला ने बताया कि सुबह से ही तीन जगह लाईन में लगने की बाद बच्चें की दवा हो पाई है। जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर पर महिला व पुरुष की दोनो लाइन काफी लंबी रही। वहीं दवा वितरण कक्ष का भी यही हाल रहा है।
सीएम एस आरबी राम ने कहा कि गर्मी के बढ़ जाने से बुखार व उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मरीजों को कोई दिक्कत न हो, इसका ख्याल रखा जा रहा है। लोगो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है।