रेवेन्यू बार एसोसिएशन तहसील नौतनवां के अधिवक्ताओं ने सोमवार को बार के पूर्व अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में लोगों ने तहसील परिसर में एसओ का पुतला फूंका। आरोप लगाया कि कोल्हुई क्षेत्र में आठ दिनों पहले हुई एक तीन वर्षीय बच्ची के साथ हुए रेप के मामले में पुलिस लापरवाही बरत रही है। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। वकीलों ने एसडीएम आलोक कुमार को एक ज्ञापन सौंपकर एसओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं का कहना था कि घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहा है। इसके साथ घटना के बाद पुलिस गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने के बजाय अल्पीकरण के प्रयास में लगी हुई है। जिससे अधिवक्ता संघ बेहद आहत है। ऐसे में उनकी मांग है कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को फौरन गिरफ्तार किया जाय। इस मामले में पुलिस की लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाय। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह, जयनारायण विश्वकर्मा, सत्यपाल सिंह, मनोज मिश्र सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।