बुधवार को 31 बेड पर 38 मरीजों का हाे रहा इलाज
कोई बुखार से तो कोई डायरिया से पीड़ित, संक्रामक रोग वार्ड में तेज बुखार के 11 मरीज भर्ती
महराजगंज। गर्मी-उमस व बरसात के बीच जिला अस्पताल में बीमारों की भीड़ है। बुधवार को अस्पताल के संक्रामक वार्ड में एक-एक बेड पर दो-दो मरीजों का इलाज हुआ। अस्पताल में भर्ती बच्चों में तेज बुखार के अलावा निमोनिया, डायरिया के मरीजों की भरमार है। मंगलवार को संक्रामक रोग वार्ड में 31 बेड पर 38 मरीजों का इलाज करते देखा गया।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में एक बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर के पास प्रतिदिन तेज बुखार, डायरिया के अलावा निमोनिया के 30 से 40 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इस समय तेज बुखार के कुल 11 मरीज भर्ती हैं। वहीं डायरिया के आठ मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
मरीजों के साथ आए तीमारदारों ने बताया बच्चे को पहले तेज बुखार हुआ तो नजदीकी मेडिकल स्टोर से दवा ले आए। लेकिन ठीक नहीं हुआ। जिला अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया तो हालत गंभीर देखकर उन्होंने भर्ती कर लिया। संक्रामक रोग वार्ड में भर्ती अंशिका को बुखार हुआ तो परिजन दवा दिए लेकिन ठीक नहीं हुआ। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने हालत गंभीर देख भर्ती कर लिया। इसी बेड पर दूसरी तरफ अराध्या भी भर्ती है वह भी बुखार से पीड़ित है।
दूसरे बेड पर धनखरी निवासी जितेंद्र ने बताया कि बेटे को बुखार हुआ तो नजदीक में दिखाए लेकिन ठीक नहीं हुआ तो जिला अस्पताल आए। यहां डाक्टर ने भर्ती कर लिया है। यहां तो एक बेड पर दो दो मरीज भर्ती हैं। इसी बेड पर उज्वल निवासी बेलवा काजी का भी इलाज चल रहा था। इनके अलावा तेज बुखार के न्यारा, अनामिका, शैलेंद्र, आरौव भर्ती हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन मिश्रा ने बताया कि मौसम में उतार चढ़ाव के कारण तेज बुखार, डायरिया, निमोनिया के मरीज ओपीडी में पहुंच रहे है। तेज धूप में बच्चों को न निकलने दें, ताजा भोजन दें और यदि किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।
वर्जन
जो संसाधन हैं उसमें बेहतर इलाज का प्रयास किया जा रहा है। अगर संक्रामक रोग वार्ड में कहीं दिक्कत हो रही है तो उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा।
-डॉ. एके द्विवेदी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक