पुलिस थानों द्वारा जनता की शिकायतों की प्राप्ति एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एसपी ने मंगलवार से समस्त थानों पर जनता द्वारा दिए गए शिकायत पत्रों की प्राप्ति रसीद की व्यवस्था की है।
एसपी भारत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि किसी भी फरियादी के शिकायती प्रार्थना पत्र के साथ थाना पर पहुंचने पर थाने में तैैनात पुलिस कर्मचारी उसके शिकायती पत्र को प्राप्त करके उसकी प्राप्ति रसीद देगा।
इस प्रप्ति रसीद में आवेदक का नाम-पता, मोबाइल नंबर, शिकायत का संक्षिप्त विवरण तथा शिकायत संख्या सहित कई विवरण अंकित होंगे। रसीद के पीछे सभी थानों व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर अंकित रहेंगे।
हालांकि यह व्यवस्था पुलिस कार्यालय में पहले से ही है लेकिन इस व्यवस्था को थाने पर लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि थाने पर इस प्रकार प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का एक रजिस्टर में अंकन भी किया जाएगा।
इसके माध्यम से शिकायतकर्ता को उसके शिकायत के निस्तारण के बारे में भी अवगत कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के लागू हो जाने से शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।