महराजगंज। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को अब स्मार्ट तरीके से पढ़ाया जाएगा। मार्कर-बोर्ड और चाॅक-डस्टर की जरूरत अब नहीं पड़ेगी। उनके लिए डिजिटल बोर्ड का इंतजाम किया जाएगा। शासन के निर्देश पर शीघ्र ही जिले के राजकीय काॅलेजों में इसका इंतजाम किया जाएगा।
जिले में चार राजकीय आईटीआई महराजगंज, निचलौल, माधोनगर में संचालित हैं। तकनीकी शिक्षा के साथ युवाओं का कौशल निखारने पर सरकार का विशेष फोकस है। इसके तहत आईटीआई में रोजगारपरक नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। कंप्यूटर, मैकेनिकल, इलेक्ट्रानिक्स के साथ ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस जैसे पाठ्यक्रम के जरिए प्रशिक्षुओं को आधुनिक दौर की तकनीक में भी अवगत कराया जा रहा है। इसी क्रम में अब इनमें डिजिटल बोर्ड के माध्यम से स्मार्ट तरीके से पढ़ाया जाएगा। डिजिटल बोर्ड ने सिर्फ विद्यार्थियों के लिए बल्कि शिक्षकों के लिए बेहतर साबित होगा। अभी तक आईटीआई में व्हाइट बोर्ड पर चॉक, डस्टर और मार्कर से पढ़ाई होती रही है। डिजिटल बोर्ड में पढ़ाई विद्यार्थियों के लिए कई मायने में खास रहेगी। इस बोर्ड से प्रोग्रामिंग को विद्यार्थी आसानी से समझ सकेंगे। साथ ही किसी स्ट्रक्चर को थ्री डी रूप में भी दिखाया जा सकेगा।