महराजगंज। ग्राम पंचायतों में बने अमृत सरोवरों में अब पानी पूरे वर्ष रहेगा। इसके लिए ग्राम्य विकास और मनरेगा से अमृत सरोवर के निकट स्टेबलाइजेशन पांड बनवाकर न सिर्फ अपशिष्ट सरोवर में जाने से रोका जाएगा बल्कि कचरा मुक्त पानी फिल्टर होकर सरोवर में भूगर्भ जल का तल मेंटेन रखेगा।
ग्राम्य विकास विभाग व मनरेगा की ओर से ठोस, द्रव एवं अपशिष्ट प्रबंधन योजना की मदद से अमृत सरोवर में पूरे वर्ष पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। इसके लिए तालाब के पास वेस्ट स्टेबिलाइजेशन पांड (डब्ल्यूएसपी) बनेगा। इससे नालियों से निकलने वाला कचरायुक्त पानी फिल्टर होकर तालाब में पहुंचेगा। साथ ही गांवों के भू-जलस्तर में सुधार होगा। हर ग्राम पंचायत में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए अमृत सरोवरों के निकट डब्ल्यूएसपी का निर्माण कराया जाएगा।
इससे गांवों की नालियों से निकलने वाले पानी का सदुपयोग हो सकेगा। गंदा पानी गांवों में नहीं बहेगा। इसका पानी डब्ल्यूएसपी से होते हुए तालाब में पहुंचेगा। इस कार्य के लिए पंचायती राज से तकनीकी सपोर्ट मिलेगा। एक डब्ल्यूएसपी पर लगभग 2 लाख रुपये लागत का अनुमान है। यह बनने से अमृत सरोवर कभी सूखे नहीं रहेंगे गिरते भू-जलस्तर की समस्या का भी समाधान होगा।